top of page

महाराष्ट्र कैडर की रिटायर आईएएस मैरी नीलिमा केरकेट्टा बनीं JPSC की नई अध्यक्ष

  • Writer: India Plus Tv
    India Plus Tv
  • Nov 3, 2022
  • 2 min read

Updated: Mar 10


झारखंड सरकार ने लंबी प्रतीक्षा के बाद महाराष्ट्र कैडर की रिटायर आईएएस मैरी नीलिमा केरकेट्टा को झारखंड लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय लिया है। वो जेपीएससी की पहली महिला अध्यक्ष होंगी। राज्य सरकार ने आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। नीलिमा केरकेट्टा महाराष्ट्र कैडर की 1994 बैच की आईएएस अधिकारी रही हैं। वह महाराष्ट्र सरकार में लोक स्वास्थ्य विभाग में प्रधान सचिव तथा महाराष्ट्र राज्य खादी ग्रामोद्योग मंडल में सीईओ आदि के पद पर कार्य कर चुकी हैं।


झारखंड सरकार के प्रवक्ता द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा की सेवानिवृत अधिकारी मैरी नीलिमा केरकेट्टा को झारखंड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्त करने की प्रक्रिया पूरी करने का आदेश दिया है। जेपीएससी के अध्यक्ष का पद जुलाई माह में तत्कालीन अध्यक्ष अमिताभ चौधरी के सेवानिवृत्त होने से लगभग दो माह से रिक्त था।


इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व कार्यकारी सचिव अमिताभ चौधरी जेपीएससी के अध्यक्ष पद पर 28 अक्तूबर 2020 को नियुक्त किये गये थे जिनका सेवानिवृत्ति के बाद हाल में निधन हो गया। उनका कार्यकाल कुल 20 महीने का ही था क्योंकि जुलाई, 2022 में उनकी उम्र 62 की हो गयी।


हालांकि, जेपीएससी में सदस्य के तीन पदों पर डॉ अजिता भट्टाचार्य, प्रो अनिमा हांसदा और डॉ जमाल अहमद कार्यरत हैं लेकिन नियमावली के अनुसार जेपीएससी के संचालन का मूल दायित्व जेपीएससी अध्यक्ष का है। इस कारण परेशानी हो रही थी। कार्मिक विभाग ने मुख्यमंत्री को अगले अध्यक्ष के मनोनयन का प्रस्ताव दिया था। प्रस्ताव में अपर मुख्य सचिव के के खंडेलवाल, शिशिर कुमार सिन्हा, दिलीप टोप्पो, चंद्रमोहन प्रसाद कश्यप, डॉ माधव शरण सिंह, मेघू बड़ाईक व अन्य के नाम दिये गये थे।


Comments


© Johar Times Media Pvt. Ltd.

bottom of page